Tag: self love

  • self love

    (गुलजार साहब के नाम)

    आज self love की सारी हदें पार कर दी,
    आज मैंने अपनी नजर आप उतार ली।

    अपने बालों की चमकती चांदी,
    अपनी आंखो की सुर्ख सी लकीरें,
    सबसे साथ गहरी दोस्ती स्वीकार ली।
    आज मैंने अपनी नजर आप उतार ली।

    बच्चे सुनेंगे तो बस यही कहेंगे,
    पचास की होने से पहले ही शायद
    हमारी मम्मी है कुछ सठिया ली।
    आज उसने अपनी नजर आप उतार ली।

    क्या बन आई मन में क्या जाने,
    कस के एक मुट्ठी नमक के सहारे,
    मैने फिर से जिंदा होने की कसम खा ली।
    आज मैंने अपनी नजर आप उतार ली।

    वैसे गमगीन नही,
    बहुत खुश हूं मैं।
    बस अपने आप से खफा रहती हूं।
    गजब की बात देखिए,
    मैने अंधविश्वास से आज
    खुद पर विश्वास करने की इजाज़त मांग ली।
    आज मैंने अपनी नजर आप उतार ली।

    ।भावना।
    3 Nov 2023